मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री रत्नाकर झा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसखला एवं निगवानी का औचक निरीक्षण कर आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, संसाधनों एवं मरीजों को मिल रही उपचार सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पैथोलॉजी जांच एवं एक्स-रे सुविधा की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों के स्टॉक तथा वितरण रजिस्टर की समीक्षा की। उन्होंने डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की नियमित उपस्थिति की जानकारी लेते हुए मरीजों को समय पर आवश्यक जांच, दवाइयां एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री झा ने स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी रखने तथा आवश्यक दवाइयों एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिले, इस पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री टी.आर. नाग सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।




