शासन की स्वरोजगार एवं सब्सिडी योजनाएं ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दे रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर युवा न केवल अपना व्यवसाय स्थापित कर रहे हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। कटंगी तहसील के ग्राम कटेरा निवासी युवा उद्यमी कुलदीप पटले इसकी एक प्रेरक मिसाल हैं।कुलदीप पटले ने वर्ष 2016 में श्री लक्ष्मी राइस मिल की शुरुआत की। व्यवसाय स्थापित करने के लिए उन्होंने करीब 45 लाख रुपये का ऋण लिया, जिस पर उन्हें लगभग 35 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ मिला। राइस मिल के संचालन के साथ उन्होंने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास जारी रखे। इसी क्रम में वर्ष 2024 में कुलदीप पटले ने 10 लाख रुपये की लागत से ऑयल प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने के लिए ऋण लिया। यह ऋण प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के माध्यम से प्राप्त हुआ, जिसमें उन्हें लगभग 35 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ मिला। इस सहायता ने उनके व्यवसाय को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अलसी, सरसों और मूंगफली के तेल की प्रोसेसिंग

ऑयल प्रोसेसिंग प्लांट में वर्तमान में अलसी, सरसों और मूंगफली के तेल की प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग की जा रही है। तैयार उत्पादों की स्थानीय बाजार में बिक्री की जाती है। इस तरह कुलदीप ने ग्रामीण क्षेत्र में ही उत्पादन से लेकर पैकेजिंग और बाजार तक की पूरी प्रक्रिया को अपने व्यवसाय का हिस्सा बनाया है।राइस मिल और ऑयल प्रोसेसिंग प्लांट के संचालन से वर्तमान में करीब 4 से 5 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। कुलदीप पटले के अनुसार उनके व्यवसाय का वार्षिक टर्नओवर लगभग 25 लाख से 50 लाख रुपये तक है।

अपने साथ गांव के लोगों को भी रोजगार दे पाया'

कुलदीप पटले बताते हैं कि व्यवसाय शुरू करने का उद्देश्य केवल स्वयं के लिए रोजगार खड़ा करना नहीं था, बल्कि गांव में रहकर अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार करना था। आज उनके प्रतिष्ठान में ग्राम के ही लोगों को काम मिल रहा है, जिससे वे संतुष्ट और उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं ने उन्हें अपने व्यवसाय को स्थापित करने और उसका विस्तार करने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। आर्थिक सहायता और सब्सिडी के कारण ग्रामीण क्षेत्र में रहकर भी उद्यम शुरू करना संभव हुआ है।

कुलदीप पटले की सफलता यह दर्शाती है कि यदि युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लें और शासन की योजनाओं का सही तरीके से लाभ उठाएं, तो ग्रामीण क्षेत्र में रहते हुए भी सफल उद्यम स्थापित किया जा सकता है। राइस मिल से शुरुआत कर ऑयल प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचने की उनकी यात्रा क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।कुलदीप पटले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं से युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिल रहा है। इससे युवा स्वयं आत्मनिर्भर बन रहे हैं और साथ ही अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।