शासकीय शंकर साव पटेल महाविद्यालय, वारासिवनी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, रेड रिबन क्लब एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में 58वां एनएसएस स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. एस.एस. गेडाम के मार्गदर्शन एवं रासेयो कार्यक्रम अधिकारी कृष्णा पराते के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की थीम “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” रही। प्राचार्य डॉ. गेडाम ने एनएसएस के “मैं नहीं, आप” भाव पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा के लिए प्रेरित किया।मुख्य अतिथि डॉ. सरिता कोल्हेकर ने सामाजिक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार व्यक्त किए।
विशिष्ट अतिथि एनसीसी अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार मंडाले एवं हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. रक्षा निकोसे ने स्वयंसेवकों को नशामुक्ति, जनजागरूकता एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति सक्रिय रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विशाल एनएसएस लोगो की रंगोली बनाई गई तथा स्वयंसेवकों द्वारा गीत, संगीत एवं नृत्य सहित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।समारोह में दो वर्ष एवं तीन वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले स्वयंसेवकों को क्रमशः बी एवं सी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा मेडल एवं शील्ड से सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रीति लांजेवार एवं गौरव टेंभरे को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. तृप्ति सोनवे, हेमंत गणवीर, नरेंद्र कुमार डोंगरे, सरिता नागवंशी एवं सविता सेनवार सहित महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा। मंच संचालन डॉ. मनोज गजभिए ने किया तथा अंत में कृष्णा पराते ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।




