विश्व पर्यटन दिवस पर ओरछा में विदेशी पर्यटकों का स्वागत, राज्य संरक्षित इमारतों में दिया गया निशुल्क प्रवेश

ओरछा। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में एवं जिला पंचायत सीईओ तथा प्रभारी अधिकारी डीएटीसीसी श्री रोहन सक्सेना के मार्गदर्शन में रविवार को ओरछा एवं पर्यटन ग्राम बागान में विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया। वहीं राज्य संरक्षित इमारतों में भारतीय एवं विदेशी पर्यटकों को निशुल्क प्रवेश दिया गया।

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर होटल बेतवा रिट्रीट एवं शीशमहल में पर्यटकों एवं अतिथियों का होटल प्रबंधन द्वारा पुष्पहार से स्वागत किया गया। इस अवसर पर ओरछा पहुंचे विदेशी पर्यटकों के बाइकिंग टूर ‘व्हील ऑफ इंडिया’ के सदस्यों का भी स्वागत किया गया। बाइकिंग टूर के बारे में जानकारी देते हुए व्हील ऑफ इंडिया के संचालक श्री अब्दुल अहद खान ने बताया कि यह 45 दिवसीय बाइकिंग टूर 7 सितंबर से शुरू हुआ है, जो 20 अक्टूबर तक चलेगा। इस बाइकिंग टूर में 9 स्पोर्ट्स बाइक पर 11 विदेशी पर्यटक भारत के विभिन्न पर्यटन स्थलों की यात्रा कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ‘व्हील ऑफ इंडिया’ टूर पिछले 12 वर्षों से भारत आ रहा है और इस वर्ष भी विदेशी पर्यटकों ने देश की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विविधता को करीब से जानने के लिए यात्रा शुरू की है। यात्रा की शुरुआत कश्मीर से हुई है। कश्मीर के बाद बाइकिंग टूर दल लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, अमृतसर, राजस्थान, आगरा होते हुए मध्यप्रदेश पहुंचा।

मध्यप्रदेश में दल ग्वालियर, ओरछा, सांची एवं महेश्वर सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेगा। इसके बाद महाराष्ट्र होते हुए गोवा, कर्नाटक और तमिलनाडु से होकर केरल के वर्कला बीच तक पहुंचेगा। जहां बाइकिंग टूर का समापन होगा। इस दौरान विदेशी पर्यटक विभिन्न क्षेत्रों की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय जीवनशैली का अनुभव करेंगे। इस अवसर पर प्रबंधक श्री गिरीश मौर्य, एफओए श्री शशिकांत मिश्रा, मोहित त्रिपाठी सहित होटल प्रबंधन के कर्मचारी उपस्थित रहे।

बागान में महिलाओं ने खेल प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर ग्राम बागान में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित ग्रामीण पर्यटन परियोजना एवं महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लाडपुरा, राधापुर एवं बागान में संचालित विभिन्न होम-स्टे के हितग्राहियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़, गुब्बारा दौड़ एवं महिला क्रिकेट सहित विभिन्न मनोरंजक और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया गया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर टीम लीडर, हरितिका संस्था श्री मनोज नायक ने बताया कि महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत ग्रामीण पर्यटन के विकास में महिलाओं की भागीदारी लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। होम-स्टे गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को अपनी प्रतिभा एवं स्थानीय संस्कृति को पर्यटकों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। इस अवसर पर होमस्टे संचालक सहित विभिन्न ग्रामीण उपस्थित रहे।