भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (NSRC), लखनऊ द्वारा सम हिगिनबॉटम यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर, टेक्नोलॉजी एंड साइंसेज (SHUATS), प्रयागराज में भव्य एवं वृहद स्तर पर ‘संडेज ऑन साइकिल’ (SoC) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। SULABH INTERNATIONAL, के साथ “फ़िटनेस, स्वच्छता और सामाजिक ज़िम्मेदारी थीम पर केंद्रित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देना, दैनिक फिटनेस के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना तथा खेलो इंडिया योजनाओं के अंतर्गत संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलों से अधिक से अधिक लोगों को परिचित कराना था।

SAI NSRC लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी श्री आत्मप्रकाश के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 300 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें SHUATS के विद्यार्थी एवं स्टाफ, योगासन भारत के सदस्य तथा NSRC के स्टाफ शामिल रहे। कार्यक्रम के व्यापक प्रभाव को और बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों (KICs) से लगभग 1,500 प्रतिभागियों ने भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की, जिससे सक्रिय जीवनशैली और सामुदायिक भागीदारी का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचा।

इस भव्य अवसर पर श्री अभिन श्याम गुप्ता, ओलंपियन, अर्जुन पुरस्कार विजेता तथा उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिष्ठित यश भारती पुरस्कार और लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अन्य प्रमुख अतिथियों में श्री आशीष मैसी, प्रमुख, शारीरिक शिक्षा विभाग एवं सचिव, एथलेटिक्स समिति, SHUATS, प्रयागराज तथा प्रो. डॉ. देवी सिंह, विभागाध्यक्ष/विभाग, उद्यान विज्ञान विभाग, SHUATS विश्वविद्यालय शामिल रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत ऊर्जावान जुंबा एवं योग सत्रों से हुई। इसके बाद शारीरिक सक्रियता, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न मनोरंजक एवं प्रतिस्पर्धात्मक फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने लेमन रेस, स्किपिंग, पुश-अप्स एवं रस्साकशी में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरे कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रयागराज के नैनी स्थित SHUATS परिसर के अंदर 5 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली रही, जिसमें विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, स्टाफ सदस्यों एवं स्थानीय फिटनेस प्रेमियों ने भाग लिया। साइकिलिंग गतिविधि के माध्यम से दैनिक जीवन में नियमित शारीरिक गतिविधि और साइकिलिंग को अपनाने का संदेश दिया गया।

खेल एवं फिटनेस गतिविधियों के अलावा, यह कार्यक्रम प्रतिभागियों, विद्यार्थियों और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच फिट इंडिया की पहलों तथा खेलो इंडिया योजनाओं के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता पैदा करने का भी महत्वपूर्ण मंच बना। प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने खेल, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति समुदाय के मजबूत समर्थन को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों को आधिकारिक फिट इंडिया टी-शर्ट तथा स्वास्थ्यवर्धक जलपान उपलब्ध कराया गया।

खेलो इंडिया योजनाओं के अंतर्गत फिट इंडिया के प्रति जागरूकता खेल एवं फिटनेस गतिविधियों से आगे बढ़कर यह आयोजन जागरूकता एवं शिक्षा के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में भी सामने आया। वरिष्ठ SAI NSRC अधिकारियों लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह (निदेशक), श्री मनीष कुमार (सहायक निदेशक) एवं श्री प्रवीण कुमार सी.एम. (सहायक निदेशक) ने आयोजन के प्रयासों की सराहना की और सभी से खेल एवं शारीरिक व्यायाम को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वस्थ, सक्रिय और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की दिशा में इसे जीवनभर की प्रतिबद्धता के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन तथा फिटनेस, खेल सहभागिता, सक्रिय जीवनशैली और समग्र स्वास्थ्य के संदेश की सराहना की।