नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा ही संकल्प अभियान-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के निर्देशन में अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, जनभागीदारी एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। रविवार को नगर पालिका परिषद के स्वच्छता मित्रों एवं स्टेडियम परिसर में प्रातः भ्रमण करने वाले नागरिकों के सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाया।
इस दौरान नागरिकों के को स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित किया गया। नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि स्वस्थ रहने के लिए अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, स्वस्थ, सुंदर एवं स्वच्छ शहर के निर्माण के लिए शहर को साफ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता से ही शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि सभी जोन प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि जिन स्थानों पर लोग कचरा फेंकते हैं, उन्हें चिन्हित कर वहां से कचरा हटाया जाए तथा स्थान की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आसपास के नागरिकों को समझाइश देकर सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न डालने के लिए जागरूक किया जाए। अपने घरों, दुकानों एवं संस्थानों से निकलने वाला कचरा केवल कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें और इधर-उधर कचरा न फेंककर शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें।





