बिरसा विकासखंड के प्रभावित ग्रामों में समुदाय को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एकीकृत जनजातीय विकास कार्यक्रम (आईटीडीपी) के अंतर्गत 21 सितम्बर को विशेष जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई।

विकासखंड समन्वयक पुनाराम धुर्वे के मार्गदर्शन में कुंडेकसा, बोंदारी, कोरका, उर्सेकाल एवं अडोरी सहित प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को टीकाकरण के महत्व और जीरो डोज के संबंध में जानकारी दी गई।जागरूकता अभियान के दौरान ई-ऑटो रिक्शा एवं पीए सिस्टम के माध्यम से आईईसी सामग्री के जरिए पूरे क्षेत्र में लोगों को टीकाकरण संबंधी संदेश पहुंचाया गया।

ग्रामीणों को बताया गया कि बच्चों को समय पर टीके लगवाना उनके स्वास्थ्य और विभिन्न गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए महत्वपूर्ण है।

इस दौरान विशेष रूप से जीरो डोज से संबंधित जानकारी समुदाय के बीच साझा की गई तथा पांच वर्ष की अवधि में सात बार आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम के संबंध में भी लोगों को अवगत कराया गया।अभियान के दौरान बालाघाट से प्रभावित क्षेत्रों में कंबल वितरण के लिए पहुंचे पत्रकारों की टीम को भी जीरो डोज एवं टीकाकरण के संबंध में जानकारी दी गई।

उन्हें बताया गया कि समुदाय में टीकाकरण को लेकर जागरूकता बढ़ाने में सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ मीडिया की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।इसी क्रम में क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की आयोजित मासिक बैठक के दौरान भी टीकाकरण जागरूकता रथ के माध्यम से जानकारी दी गई।

बैठक में उपस्थित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को जीरो डोज, नियमित टीकाकरण एवं बच्चों को समय पर टीके लगवाने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।जागरूकता गतिविधि के माध्यम से समुदाय के लोगों को टीकाकरण से होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए बच्चों के नियमित टीकाकरण पर विशेष जोर दिया गया।

साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित टीकाकरण कार्यक्रम के अनुसार अपने बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।