‘न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह’ के तहत केंद्रीय जेल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
‘न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह’ के तहत सोमवार को केंद्रीय जेल ग्वालियर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ललित किशोर ने विचाराधीन बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, पुनर्वास प्रक्रिया और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जन्म से अपराधी नहीं होता। प्रधान जिला न्यायाधीश ने बंदियों को प्रतिशोध और क्रोध की भावना छोड़कर सकारात्मक सोच अपनाने तथा समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश श्री प्रदीप कुमार दुबे ने जीवन में अनुशासन अपनाने और स्वच्छता बनाए रखने के लिये बंदियों का आह्वान किया। साथ ही उन्हें उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री विवेक कुमार सिंह ने निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर नगर निगम मजिस्ट्रेट श्री निशांत मिश्रा, केंद्रीय जेल अधीक्षक श्री राकेश भांगरे, जिला विधिक सहायता अधिकारी, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल एवं पैरालीगल वॉलंटियर्स उपस्थित रहे। ज्ञात हो राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में भी 14 से 20 नवम्बर तक विधिक सप्ताह के तहत विधिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित हो रही हैं। इसी क्रम में सोमवार 16 नवम्बर को भी केन्द्रीय जेल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जेल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
विधिक जागरूकता कार्यक्रम के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ललित किशोर ने केंद्रीय जेल का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल की साफ-सफाई, पाकशाला, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व्यवस्था और लीगल एड क्लीनिक का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बंदियों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
