जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला छिंदवाड़ा के तत्वावधान में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस महाविद्यालय छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की नियमित कक्षा के अंतर्गत आज विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर रैली निकालकर देश के गौरव भगवान बिरसा मुंडा को याद किया गया। जन अभियान परिषद द्वारा जिले के सभी 11 विकासखंडों में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन उपस्थित थे। वहीं समाजसेवी श्री श्यामल राव, श्रीमती लता नागले, श्रीमती तृप्ति सिंह, श्री आशीष साहू सहित वक्ता श्री एनोस रजक, श्री चितेश डेहरिया, दूर्वा गुर्जर, सुश्री खुशबू पंद्रे, सुश्री शुभश्री मिश्रा, सुश्री रोशनी पराड़कर, श्री लोकेश वसूले, श्रीमती सुनीता, सुश्री उमेरा खान एवं श्रीमती वंदना यादव उपस्थित थी। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
मुख्य अतिथि श्री अखिलेश जैन ने अपने उद्बोधन में बताया कि जन अभियान परिषद द्वारा जिले के सभी विकासखंडों में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इसमें परिषद के नेटवर्क से जुड़ी ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं, परामर्शदाताओं एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज की राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान तथा देश की स्वतंत्रता एवं सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए किए गए योगदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजन हमें अपने गौरवशाली इतिहास और जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष एवं बलिदान से परिचित कराते हैं।
समाजसेवी श्री श्यामल राव ने भगवान बिरसा मुंडा के मात्र 25 वर्षों के अल्प जीवनकाल में किए गए ऐतिहासिक कार्यों और भारतीय इतिहास में उनके विशिष्ट स्थान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र के गौरव, समाज के उत्थान और देशहित में अपने जीवन का योगदान अवश्य सुनिश्चित करना चाहिए।
श्रीमती लता नागले ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा के उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी योगदान पर विचार व्यक्त किए। वहीं श्रीमती तृप्ति सिंह ने उनके ऐतिहासिक जीवन, शिक्षा, संघर्ष एवं व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का सफल संचालन पाठ्यक्रम की परामर्शदाता श्रीमती लता नागले ने किया तथा परामर्शदाता श्री आशीष साहू ने उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।



