आयुक्त, तकनीकी शिक्षा के निर्देशानुसार एवं प्राचार्य डॉ. आलोक यादव के मार्गदर्शन में इंदिरा गांधी शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय छिंदवाड़ा में विदेशी भाषाओं के महत्व एवं उनके सीखने से मिलने वाले लाभों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से आज कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में सुभाष पहल की नोडल अधिकारी श्रीमती नीलम खासकलम ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न विदेशी भाषाओं की उपयोगिता तथा उनके माध्यम से भविष्य में उपलब्ध शैक्षणिक एवं रोजगार संबंधी संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान वैश्विक परिवेश में विदेशी भाषाओं का ज्ञान विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसर खोल सकता है।

इस दौरान विद्यार्थियों को विदेशी भाषाएं सीखने के लिए उपलब्ध मोबाइल ऐप की जानकारी देते हुए विशेष रूप से Duolingo ऐप की प्रमुख विशेषताओं, उपयोग एवं भाषा सीखने की सरल और रोचक प्रक्रिया से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को अपने मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड कर फ्रेंच, जर्मन, जापानी सहित अन्य विदेशी भाषाओं का नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया

श्रीमती खासकलम ने दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले विदेशी भाषाओं के महत्वपूर्ण शब्दों एवं वाक्यांशों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में क्विज एवं प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी जानकारी एवं भाषा संबंधी समझ का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विदेशी भाषाओं के प्रति रुचि एवं जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें वैश्विक स्तर पर उपलब्ध उच्च शिक्षा, रोजगार एवं करियर के नए अवसरों के लिए तैयार करना था। यह पहल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, भाषा कौशल एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।