कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना द्वारा मंगलवार को स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री निष्पादन कार्य की तहसीलवार प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि अब तक जिले की 482 ग्रामों में कुल 70,574 भू-खंड चिन्हांकित हैं, जिनमें कुल 87,976 हितग्राही हैं। जिले में अब तक कुल 16,298 रजिस्ट्री पूर्ण की जा चुकी हैं, जो कुल लक्ष्य का 23.09 प्रतिशत है।

तहसीलवार समीक्षा में तहसीलदार श्री गिरीश सूर्यवंशी ने बताया कि जिले की सुसनेर तहसील 32.40 प्रतिशत (3722 रजिस्ट्री का निष्पादन पूर्ण) कर प्रथम स्थान पर है, वहीं सोयतकलां 31.21 प्रतिशत (2326 पूर्ण) के साथ द्वितीय स्थान पर है।

नलखेड़ा तहसील में 24.23 प्रतिशत (3783 पूर्ण) प्रगति रही है। जबकि बड़ौद तहसील में 18.11 प्रतिशत (3081 पूर्ण) एवं आगर तहसील में सबसे कम 17.81 प्रतिशत (3386 पूर्ण) प्रगति दर्ज की गई है। समीक्षा में पाया गया कि जिले में कुल 1702 रजिस्ट्री प्रारंभ, 1888 पटवारी सत्यापन स्तर पर, 270 सबमिटेड एवं 48 पंजीयन प्रक्रिया में हैं।

कलेक्टर डॉ. मीना ने कम प्रगति वाली तहसीलों विशेषकर आगर एवं बड़ौद तहसील के राजस्व अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण आबादी को संपत्ति का अधिकार देने की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी तहसीलदार एवं पटवारियों को प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर रजिस्ट्री कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया है।