दीपावली पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने संबंधित अधिकारियों को सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने तथा शहर में व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि खासतौर पर मौजूद रहे।

कलेक्टर श्री यादव ने कहा सभी नागरिकों को सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सड़कों पर जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें समय पर भरवाया जाए। पुलों में कई स्थानों पर सरिया/ तार निकले होने की शिकायतें मिली हैं, जिनका निराकरण कर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए चयनित तीन नए पार्किंग स्थलों को चालू कराने के लिए नगरपालिका सीएमओ को निर्देशित किया गया है।

फुटपाथ और सड़क पर अतिक्रमण हटाने पर जोर

कलेक्टर ने कहा फुटपाथ पर दुकानें लगाने से यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति निर्मित होती है। इसे व्यवस्थित करने के लिए दुकानदारों को तहसील परिसर में दुकानें लगाने की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों की निर्धारित सीमा तक ही सामान रखें और सड़क पर सामान फैलाकर न रखें, ताकि आम नागरिकों को असुविधा न हो तथा यातायात सुचारु बना रहे।

श्रीखंड स्कूल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था बनाने के निर्देश

कलेक्टर ने श्रीखंड स्कूल परिसर में मौजूद अतिक्रमण हटाने तथा वहां की खराब स्थिति वाली बिल्डिंग का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा परिसर को पार्किंग के लिए उपयोगी बनाने पर काम किया जाए, जिससे नागरिक अपने वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़े कर सकें और आसानी से बाजार में खरीदारी कर सकें। इससे बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था बेहतर बनेगी।

ऑटो पार्किंग व्यवस्था को भी बनाया जाएगा सुविधाजनक

श्री यादव ने कहा अंबेडकर चौराहा के पास निर्धारित ऑटो पार्किंग व्यवस्था को भी बेहतर बनाने पर जोर दिया जाये। प्रयास किया जाएगा कि नागरिकों को कम दूरी पैदल चलना पड़े और ऑटो संचालन के साथ यातायात व्यवस्था भी व्यवस्थित बनी रहे।

बैठक में व्यापारियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा प्रशासन का प्रयास है कि यातायात व्यवस्था सुचारु रहने के साथ व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित न हो और आम नागरिकों को बाजार में आसानी से आवश्यक सामान उपलब्ध हो सके।