आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में अस्थाई आतिशबाजी दुकानों के संचालन हेतु इच्छुक आवेदकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन 27 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित पोर्टल http://services.mp.gov.in अथवा एलएसडीए पोर्टल के माध्यम से प्रस्तुत किए जा सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे गए आवेदन पत्रों पर प्राथमिकता से विचार किया जाएगा।

पूर्व वर्षों में अस्थाई आतिशबाजी अनुज्ञप्ति प्राप्त आवेदकों को आवेदन के साथ पूर्व में जारी लाइसेंस की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। साथ ही पुलिस सत्यापन एवं शपथ पत्र नोटरी करवाकर अपलोड करना होगा। उक्त दस्तावेज संलग्न नहीं किए जाने की स्थिति में आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। पूर्व अनुज्ञप्तिधारियों के आवेदनों को प्राथमिकता दी जाएगी।

आतिशबाजी के कब्जे एवं विक्रय का कार्य संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) तथा संबंधित निकाय/परिषद/पंचायत द्वारा चयनित स्थल पर ही किया जा सकेगा। संबंधित एसडीएम द्वारा निर्धारित दुकानों की संख्या पूर्ण होने के पश्चात जारी की गई अनुज्ञप्ति मान्य नहीं होगी।

कार्यालय द्वारा जारी अनुज्ञप्ति में केवल संबंधित अनुभाग/ग्राम/क्षेत्र का नाम अंकित रहेगा। अनुज्ञप्ति जारी होने के पश्चात आवेदक को संबंधित एसडीएम कार्यालय में उपस्थित होकर विक्रय स्थल का चयन करवाना होगा। इसके पश्चात अनुज्ञप्ति की छायाप्रति संबंधित एसडीएम एवं निकाय/परिषद/पंचायत कार्यालय में जमा करवाना अनिवार्य होगा। निर्धारित स्थल पर स्थान उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में अनुमति स्वतः निरस्त मानी जाएगी।

अनुज्ञप्तिधारियों को अपने निर्धारित विक्रय स्थल पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण रखना अनिवार्य होगा। सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित आवेदक की स्वयं की होगी।

पूर्व में जारी समस्त निर्देशों के तहत विस्फोटक अधिनियम, 2008 के प्रावधानों का पालन करना भी आवश्यक है। नियमों एवं निर्देशों का उल्लंघन किए जाने पर संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इच्छुक आवेदक निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक दस्तावेजों सहित ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।