प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट आगामी 14 नवंबर शनिवार को ग्राम कांकरिया बोर्डिया में लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित 10 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत कांकरिया बोर्डिया स्थित राजपूत समाज धर्मशाला में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ समाजसेवी, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहेंगे।
सिंहस्थ महापर्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण है सड़क परियोजना
मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि आगामी सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों एवं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दृष्टि से यह सड़क परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। सड़क निर्माण एवं विकास कार्यों से जम्बूडी सरवर, जिनदाखेड़ा, पाल कांकरिया सहित आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों का शहर तक आवागमन सुगम होगा। साथ ही किसानों को अपनी कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। सिंहस्थ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन को भी बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
मंत्री श्री सिलावट ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, परिवहन एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
भव्य आयोजन की तैयारियां जोरों पर
कार्यक्रम को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मंत्री श्री सिलावट ने क्षेत्रवासियों से इस गरिमामय आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

