सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को पूजा पार्क, सीधी में नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत, भजन एवं लोकनृत्य के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्कृति संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल एवं जिला प्रशासन सीधी के आयोजन तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विशेष सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य कला एवं संस्कृति के माध्यम से सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण का संदेश आमजन तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में इन्द्रवती नाट्य समिति, सीधी द्वारा सेवा संकल्प अभियान पर आधारित नुक्कड़ नाटक ‘नमो सेवा की अनकही कहानियाँ’ प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से सेवा, जनकल्याण, सामाजिक जिम्मेदारी, नशे के दुष्परिणाम, नशा मुक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाटक में प्रियांशु मिश्र, देवेंद्र तिवारी, अवनी मिश्रा, सजल गौतम, शिवम द्विवेदी, शुभ सिंह परिहार, पिहू पाण्डेय, वतन द्विवेदी एवं स्वागत पटेल ने अभिनय किया। दल का नेतृत्व नीरज कुंदेर ने किया।

एक्सट्रीम आर्ट एंड एजुकेशनल सोसायटी, सीधी द्वारा सेवा संकल्प गीत एवं भजन गायन की प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने सुमधुर गीतों एवं भजनों के माध्यम से सेवा, संस्कार, सामाजिक एकजुटता और सकारात्मक जीवन मूल्यों का संदेश दिया। दल का नेतृत्व रोशनी प्रसाद मिश्र ने किया। प्रस्तुति में हिमांशु मिश्र, देवेन्द्र तिवारी, नागेंद्र सिंह, समर्थ सिंह चौहान, माधव कृष्ण पाठक, वतन द्विवेदी, शुभ सिंह एवं सजल गौतम ने सहभागिता की।

इसी क्रम में माँ सुमन एजुकेशन सोसाइटी, मोहनिया, सीधी द्वारा सेवा संकल्प पर आधारित गीत प्रस्तुत किया गया। दल का नेतृत्व अजय कुमार एवं आकांक्षा गुप्ता ने किया। कलाकारों ने गीत के माध्यम से सेवा भावना और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

वहीं अमृत लोक कला दल, चुरहट, सीधी द्वारा सेवा संकल्प पर आधारित आकर्षक लोकनृत्य की प्रस्तुति दी गई। लोक कलाकारों ने पारंपरिक लोककला एवं नृत्य के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विरासत, सेवा भावना और सामाजिक सरोकारों का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। दल का नेतृत्व अरविन्द कुमार पटेल ने किया।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी संदेश दिए। नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत और लोकनृत्य के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने, पर्यावरण की रक्षा करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में देव कुमार सिंह चौहान, पंकज पाण्डेय, लालचंद गुप्ता, के.के. तिवारी, इन्द्रशरण सिंह चौहान सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में अमित कुमार गौतम ‘स्वतंत्र’ ने सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों एवं उपस्थित दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।