मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने श्योपुर जिले में गत दिवस बनाई गई ह्यूमन रंगोली की सराहना करते हुए x पर पोस्ट किया है कि प्रोजेक्ट चीता के 4 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महिलाओं और छात्राओं द्वारा ह्यूमन रंगोली के माध्यम से भारतीय मादा चीता मुखी की विशाल प्रतिकृति बनाना अद्भुत और प्रेरणादायी है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नारी शक्ति की इस अनूठी पहल को उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के प्रतिबद्धता और जनभागीदारी का प्रतीक बताया। उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के क्रम में कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा की विशेष पहल पर क्रियेटिव श्योपुर अंतर्गत गत गुरुवार को ढेगदा स्थित क्रीड़ा परिसर में ह्यूमन रंगोली के माध्यम से भारतीय मादा चीता मुखी की प्रतिकृति बनाई गई थी। भारतीय चीता ‘‘मुखी’’ का जन्म 29 मार्च 2023 को कूनो नेशनल पार्क में हुआ था। वह नामीबिया से लाई गई मादा चीता ज्वाला की संतान है। मुखी के नाम यह इतिहास दर्ज है कि 70 साल बाद भारत की धरती पर जन्म लेने वाली वह पहली चीता है, इसलिए चीता मुखी भारत में जन्मे पहली चीता पीढ़ी की खास पहचान है। नवंबर 2025 में मादा भारतीय चीता मुखी ने पांच शावकों को जन्म दिया। यह भारत में चीता पुनर्स्थापन परियोजना के लिए एक बड़ी उपलब्धि थी। वर्तमान में मुखी तीन साल की आयु पूर्ण कर चुकी है। इस विशाल ह्यूमन रंगोली में महिला बाल विकास एवं एनआरएलएम एवं आदिवासी कन्या परिसर की छात्राओं द्वारा सहभागिता की गई।




