उज्जैन स्मार्ट सिटी सीईओ डॉ. नेहा जैन द्वारा मंगलवार को CITIIS 2.0 परियोजना के अंतर्गत आगामी सिंहस्थ महापर्व में आने वाले श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों की सुविधाओं तथा प्रभावी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन स्थलों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ डॉ. जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना से जुड़े सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि सिंहस्थ के दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे के वैज्ञानिक संग्रहण, परिवहन एवं निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने स्थल चयन, आवश्यक आधारभूत संरचना एवं कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

सीईओ डॉ. जैन ने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रस्तावित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन शहर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होंगे।